भविष्य की आवश्यकताओं के मुताबिक हो शहरी विकासः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Feb 03, 2026

जयपुर, राजस्थान 03 फरवरी, 2026, (एएनआई):मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में शहरी विकास से जुड़ी अहम बैठक बुलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शहर नागरिक केन्द्रित विकास का मॉडल बने, और भविष्य की आवश्यकताओं के मुताबिक शहरी विकास हो। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में सड़क, सीवरेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल और आवास संबंधी प्रगतिरत परियोजनाओं में तेजी लाते हुए कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। शहरी क्षेत्रों में बस स्टैण्ड्स के निर्माण के लिए मॉडल बनाया जाए, जिसके अंतर्गत स्थानीय आवश्यकता के अनुसार विभिन्न श्रेणियों का निर्धारण किया जाए। मुख्यमंत्री ने लंबित न्यायिक मामलों के निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि इनके त्वरित निस्तारण के लिए विभागीय स्तर पर पूरी तैयारी की जाए और इसमें विभाग की ओर से देरी होने पर जिम्मेदारी तय की जाए।