उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सरकार प्रतिबद्धः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Apr 15, 2026
जयपुर, राजस्थान , 15 अप्रैल 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर ऊर्जा विभाग की बैठक बुलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। राजस्थान ने अक्षय ऊर्जा में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की हैं। हर घर-हर खेत को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य किया जा रहा है। राज्य के 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली मिल रही है, जिसे राज्य सरकार वर्ष 2027 में प्रदेशभर में उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट्स सस्ते होने के साथ ही लम्बी अवधि के लिए कारगर है। वहीं, बैट्री स्टोरेज के माध्यम से भी स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलता है। यें परियोजनाएं आने वाले समय में उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। इन प्रोजेक्ट्स की क्रियान्विति राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को इन परियोजनाओं को गति देने के साफतौर पर निर्देश दिए।