ग्रामीण राजस्थान में विकास को मिलेगी नई रफ्तारः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Sep 03, 2026

जयपुर, राजस्थान, 03 सितंबर 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर ग्रामीण विकास से जुड़े विभागों की उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तीकरण और ज्ञान संसाधनों तक समान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर चरणबद्ध रूप से अटल ज्ञान केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को आधुनिक लाइब्रेरी, ई लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी] जहां वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ साथ करियर मार्गदर्शन] रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और सरकारी सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए पीएमजीएसवाई के चौथे चरण के तहत करीब 3 हजार 219 किलोमीटर लंबाई की सड़कें बनाई जाएंगी। वर्ष 2026, 27 में 1500 किलोमीटर सड़कों का निर्माण पूरा किया जाएगा। अटल प्रगति पथ योजना के तहत 5 हजार से अधिक आबादी वाले ग्रामीण क्षेत्रों में सीमेंट कंक्रीट सड़कें बनाई जा रही हैं] जिससे ग्रामीण राजस्थान में विकास को नई रफ्तार मिलेगी।