राजस्थान की मिट्टी में आयुर्वेद की जड़ें गहरीः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Feb 10, 2026
जयपुर, राजस्थान 10 फरवरी, 2026, (एएनआई):मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एनआईए परिसर में नवनिर्मित ओपीडी सुश्रुत भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की मिट्टी में आयुर्वेद की जड़ें गहरी हैं, और राज्य सरकार आयुर्वेद के संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1976 में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान एक महाविद्यालय के रूप में आरंभ होकर आज देश के प्रमुख डीम्ड टू बी आयुर्वेद यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित हो गया है। राजस्थान की धरती पर स्थापित इस संस्थान ने पचास वर्षों में जिस ऊंचाई, प्रतिष्ठा और राष्ट्रीय नेतृत्व को प्राप्त किया है, वह प्रेरणास्पद है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोगी सेवा, इन चारों स्तंभों के अंतर्गत राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान ने पिछले पांच दशकों में मिसाल कायम की है। मुख्यमंत्री ने एनआईए के लिए जयपुर में जमीन आवंटित करने के लिए पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन भी दिया।