कृषि विविधिता से सम्पन्न राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएंः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Apr 27, 2026
बेंगलुरू, 27 अप्रैल 2026, (एएनआई):, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बेंगलुरू में आयोजित ग्राम-2026 इन्वेस्टर्स मीट में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एग्री-टेक स्टार्टअप्स, उद्यमियों, निवेशकों और कृषि विशेषज्ञों को संबोधित करते हुए कहा कि, कृषि विविधिता से सम्पन्न राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को तकनीकी रूप से संपन्न बनाने की दिशा में राज्य सरकार जयपुर में 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 का आयोजन करने जा रही है, जो टेक्नोलॉजी और कृषि का एक ऐसा सशक्त मंच होगा जो समृद्ध किसान, समृद्ध राजस्थान और समृद्ध भारत के नव निर्माण की नींव रखेगा। इसमें प्रदेश के किसान और पशुपालकों के साथ-साथ देश-विदेश के कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और तकनीकी जानकार जुटेंगे। इस दौरान एग्रीटेक, ड्रोन टेक्नोलॉजी, एआई, आधुनिक खेती और फूड प्रोसेसिंग आदि से किसान रूबरू होंगे। उन्होंने टेक उद्यमियों और निवेशकों को इस महत्वाकांक्षी आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया।