लाभार्थियों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना

Jul 11, 2023

जयपुर Rajasthan, 11 July (ANI): जयपुर में राज्य स्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना लाभार्थी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 50 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में 1005 करोड़ रूपए से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की। इसके साथ साथ मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद भी किया और सरकार की योजनाओं से उन्हे मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त की। 24 अप्रैल से प्रारंभ हुए महंगाई राहत कैंपों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत अब तक 50 लाख से अधिक लाभार्थी अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। राजस्थान में 7 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अन्तर्गत राज्य सरकार द्वारा वृद्धजन, एकल नारी, विशेष योग्यजन और लघु एवं सीमान्त किसानों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। वर्तमान में 93.50 लाख व्यक्तियों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने वित्त वर्ष 2023.24 के बजट में 75 वर्ष तक की आयु के लाभार्थियों को दी जा रही न्यूनतम पेंशन राशि को बढा कर 1000 रूपये प्रतिमाह करने की घोषणा की थी। पेंशन राशि में प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत की स्वतः बढ़ोतरी करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री द्वारा की गई थी।