लखपति दीदी समाज और सरकार के बीच बनें मजबूत कड़ीः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
May 07, 2026
प्रतापगढ़, राजस्थान, 07 मई 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रतापगढ़ जिले के बम्बोरी गांव में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देर रात तक ग्राम विकास चौपाल में महिलाओं, किसानों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी समाज और सरकार के बीच मजबूत कड़ी बनें , और अधिकाधिक महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते दौर में किसानों को लाभकारी खेती की ओर बढ़ना आवश्यक है। राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए बड़े स्तर पर कार्य कर रही है। विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से लाखों हेक्टेयर भूमि को सिंचित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक और ऑर्गेनिक खेती अपनाने, फलदार पौधे लगाने और आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों से सोलर ऊर्जा से जुड़ने और फव्वारा प्रणाली जैसी जल संरक्षण तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।