181 हेल्पलाइन पर शिकायतों का फॉलोअप, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं लेते हैं फीडबैक
Nov 19, 2026
जयपुर, राजस्थान, 19 नवम्बर 2026 (एएनआई):राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के जरिए, लोगों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है। जयपुर के शासन सचिवालय परिसर स्थित इसके ऑफिस में पहुंचकर, समय समय पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुद शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करते हैं, ताकि सरकारी कार्रवाई जमीन पर कितनी असरदार रही, इसका पता लगाया जा सके। 181 हेल्पलाइन के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं और समाधान की स्थिति का फीडबैक लेते हैं। संबंधित अधिकारियों से शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए निस्तारण में तेजी और प्रभावी समाधान के निर्देश भी दिए जाते हैं। सरकार की कोशिश है कि शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी प्रक्रिया महज औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि हर शिकायत की प्रगति, कार्रवाई और समाधान की गुणवत्ता पर भी नजर रखी जाए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि इस व्यवस्था का सबसे अहम हिस्सा है।