गोबर से ऊर्जा तक: अहमदाबाद नगर निगम की बायोगैस पहल बनी मिसाल

May 01, 2026

अहमदाबाद नगर निगम ने एक अनोखी पहल शुरू की है, जिसमें आवारा पशुओं के गोबर से बायोगैस बनाई जा रही है। गुजरात में ऐसा करने वाला यह पहला नगर निगम बन गया है। बकरोल करुणा मंदिर गौशाला में रोज़ करीब 1000 किलो गोबर प्रोसेस किया जाता है। इस परियोजना से न सिर्फ पशुओं को आश्रय, भोजन और इलाज मिल रहा है, बल्कि नगर निगम को हर महीने लगभग 8 से 9 लाख रुपये की बचत भी हो रही है। बनने वाली बायोगैस का उपयोग बिजली उत्पादन और सामुदायिक रसोई में किया जाता है, जबकि बची हुई स्लरी से जैविक खाद तैयार कर लोगों को मुफ्त दी जाती है।यहां हर दिन 32 किलो बायोगैस और 32 यूनिट बिजली बनती है। यह पहल दिखाती है कि शहरी कचरे को सही तरीके से इस्तेमाल कर मूल्यवान संसाधनों में बदला जा सकता है। अहमदाबाद का यह मॉडल टिकाऊ और स्वच्छ शहरों की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है।