मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सीधा संवाद, त्वरित समाधान पर फोकस

Nov 17, 2026

जयपुर, राजस्थान, 17 नवम्बर 2026 (एएनआई): राजस्थान में आम लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार सक्रिय हैं। जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर नियमित जनसुनवाई के जरिए वे प्रदेशभर से आए लोगों से सीधे संवाद करते हैं। जनसुनवाई के दौरान शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, राजस्व, कृषि, गृह और सामाजिक न्याय जैसे विभागों से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखी जाती हैं। मुख्यमंत्री न केवल लोगों की शिकायतें सुनते हैं, बल्कि संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी देते हैं। जनसुनवाई में महिलाएं, दिव्यांगजन और बुजुर्ग भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनते हुए राहत पहुंचाने और प्रशासनिक स्तर पर होने वाली अनावश्यक देरी दूर करने पर विशेष जोर देते हैं। सरकार के इस प्रयास का मकसद आमजन को उनकी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है।