आमजन की समस्याओं का अंतिम पड़ाव साबित हो रहे शहरी सेवा शिविरः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Jun 17, 2026

जयपुर, राजस्थान, 16 जून 2026, (एएनआई):मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के सांगानेर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध करायी गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित नागरिकों से संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शिविर के संबंध में फीडबैक भी लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी सेवा शिविर आमजन की समस्याओं का अंतिम पड़ाव साबित हो रहे हैं। इसके साथ साथ मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टाॅल्स का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने विभिन्न बुनियादी सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को राहत प्रदान करना और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविर में पहुंचे लाभार्थी मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर उत्साहित नजर आए और उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी पहल के लिए अपना आभार व्यक्त किया।