‘विश्वास’ से गुजरात पुलिस की निगरानी व्यवस्था हुई मजबूत
Sep 21, 2026
गुजरात पुलिस की ‘विश्वास’ परियोजना के तहत पूरे राज्य में निगरानी का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है। इसमें CCTV कैमरे, बॉडी कैमरे और ड्रोन को एक साथ जोड़ा गया है। इसका इस्तेमाल अपराध पर नजर रखने, यातायात व्यवस्था संभालने और लोगों की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। यह नेटवर्क करीब 100 शहरों तक फैला है, जिसमें करीब 19,000 CCTV कैमरे, 10,000 बॉडी कैमरे और 92 ड्रोन सिस्टम शामिल हैं। कैमरों की मदद से नंबर प्लेट पहचान तकनीक के जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन पकड़ा जाता है और ई-चालान जारी किए जाते हैं। CCTV और ड्रोन से अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जाती है, जिससे पुलिस को अपराध की पहचान और जांच में मदद मिलती है। यह व्यवस्था मेलों, वीआईपी दौरे और बड़े आयोजनों के दौरान यातायात और सुरक्षा पर भी कड़ी नजर रखती है। खासकर त्योहारों के समय निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाता है, ताकि लोगों की सुरक्षा बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जा सके। कमांड सेंटर से जुड़ी रियल टाइम निगरानी के जरिए ‘विश्वास’ गुजरात पुलिस की रोजमर्रा की पुलिसिंग में तकनीक के जरिए एक ‘तीसरी आंख’ की तरह काम कर रहा है।