सरकार ने कर्मचारी कल्याण की दिशा में उठाए ऐतिहासिक कदमः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Jul 13, 2026

जयपुर, राजस्थान, 13 जुलाई 2026, (एएनआई): राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी एवम सचिवालय कर्मचारी संघ ने पदोन्नति के लिए अनुभव में 2 वर्ष की छूट और नए पदों के सृजन को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अभिनंदन किया। इस अवसर पर जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी सुशासन के आधार हैं, और सरकार ने कर्मचारी कल्याण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारने से ही सुशासन स्थापित होता है। इसके लिए सक्षम, प्रेरित और संतुष्ट कार्मिक व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार ने इसी सोच के अनुरूप कर्मचारी हितों को प्राथमिकता देते हुए पदोन्नति प्रक्रिया को सरल बनाया है। साथ ही, सचिवालय की प्रशासनिक क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, ताकि कार्मिकों का मनोबल बढ़ने के साथ ही शासन व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।