ग्राम उत्थान शिविरों में ग्रामीणों तक पहुंच रहा सरकारी योजनाओं का लाभ
Feb 05, 2026
जयपुर, राजस्थान 05 फरवरी, 2026, (एएनआई):मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य में ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। जयपुर में सरकार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर शुरू हुए इन शिविरों में आमजन की 77 लाख से अधिक समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण हो चुका है। इन शिविरों में किसान, पशुपालक, महिला और श्रमिक सहित विभिन्न वर्गों को एक ही छत के नीचे योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इससे प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी कम हुई है और आत्मनिर्भर एवम सशक्त ग्रामीण राजस्थान को गति मिली है। ग्राम उत्थान शिविरों के तहत अब तक पूरे प्रदेश में 1 हजार 512 शिविर लगाकर ग्रामीणों को राहत दी गई है। इन शिविरों में 13 लाख 91 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। जिसमें 9 लाख 17 हजार पुरूष और 4 लाख 12 हजार महिलाएं शामिल हैं। इन शिविरों में करीब 13 विभागों की विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।