गुजरात: कच्छ के छारी-ढांढ में दिखा दुर्लभ ग्रे हाइपोकॉलियस
Feb 11, 2026
गुजरात के कच्छ ज़िले में स्थित छारी-ढांढ संरक्षण रिज़र्व इन दिनों एक दुर्लभ पक्षी ग्रे हाइपोकॉलियस के आने से दुनियाभर के पक्षी प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बन गया है। हाल ही में इसे रामसर स्थल का दर्जा मिला है, जिसके बाद इसकी पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है। ग्रे हाइपोकॉलियस, जिसे स्थानीय लोग “मस्कटी लटोरो” कहते हैं, पश्चिम एशिया से उड़कर कच्छ क्षेत्र के झाड़ीदार जंगलों में सर्दियों के मौसम में आता है। जानकारों का कहना है कि इस दुर्लभ पक्षी को देखने के लिए छारी-ढांढ भारत की सबसे अच्छी जगह मानी जाती है। साल 2008 में छारी-ढांढ को गुजरात का पहला संरक्षण रिज़र्व घोषित किया गया था। आज यहां 283 से ज़्यादा तरह के पक्षी पाए जाते हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में लगातार किए जा रहे संरक्षण प्रयासों से गीली ज़मीन की सुरक्षा हो रही है और साथ ही ईको-टूरिज़्म को भी बढ़ावा मिल रहा है।