खनन क्षेत्र में पारदर्शिता और बुनियादी ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकताः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
May 20, 2026
जयपुर, राजस्थान, 20 मई 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर केंद्रीय खान एवम कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी की गरिमामयी उपस्थिति में खान एवम कोयला विभाग की बैठक बुलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खनन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, और खनन क्षेत्र में पारदर्शिता एवम बुनियादी ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में 82 प्रकार के खनिज उपलब्ध हैं और 57 खनिजों का दोहन किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खनन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर राज्य सरकार के अधिकारी केंद्र से समन्वय करते हुए नियमित बैठकें आयोजित करें। जिससे खनन क्षेत्र से संबंधित कार्य तय समय में पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि सिवाना रिंग काॅम्प्लेक्स प्रदेश में बाड़मेर एवम बालोतरा जिले में लगभग 725 वर्ग किलोमीटर में फैली हुई वृत्ताकार, अर्धवृत्ताकार आग्नेय चट्टानों की संरचना है। सिवाना रिंग काॅम्प्लेक्स एवम सिवाना ग्रेनाइट में रेयरअर्थ एलिमेंट और हेवी रेयरअर्थ एलिमेंट उपलब्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिवाना रिंग काॅम्प्लेक्स के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश में नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।