वरीयता से हो रहा जनजातीय समाज का सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरणः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Nov 16, 2026
जयपुर, राजस्थान, 16 नवम्बर 2026 (एएनआई):मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती के अवसर पर, जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि, जनजातीय समाज का सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण वरीयता के साथ हो रहा है। जनजातीय गौरव दिवस राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। जनजातीय समाज के महानायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने तीन वर्षों में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए लगभग 3 हजार 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसी क्रम में 10 आश्रम छात्रावास, 3 आवासीय विद्यालय, एक नया खेल छात्रावास और 250 नए मां-बाड़ी केन्द्र खोले गए हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से प्रदेश के 6 हजार 235 गांवों के लगभग 55 लाख जनजातीय लोगों के, जीवन स्तर में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।