महाशिवरात्रि पर जूनागढ़ में ऐतिहासिक भवनाथ मेले की भव्य शुरुआत
Feb 11, 2026
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गुजरात के जूनागढ़ में ऐतिहासिक भवनाथ मेले की भव्य शुरुआत हुई। ‘मिनी कुंभ’ के रूप में प्रसिद्ध इस मेले ने बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरे गिरनार क्षेत्र को शिवमय बना दिया है। सुबह 9 बजे भवनाथ मंदिर में ध्वजारोहण के साथ साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की। नागा साधुओं, संन्यासियों और भक्तों की उपस्थिति ने भवनाथ परिसर को आस्था, भक्ति और सनातन परंपराओं के रंग में रंग दिया। गुजरात सरकार द्वारा विशेष रूप से आयोजित यह पांच दिवसीय मेला हर वर्ष देशभर से साधु-संतों और श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बना हुआ है।