राज्य सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रतिबद्धता से करती रहेगी कार्य: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Jul 01, 2026
जयपुर, राजस्थान, 01 जुलाई 2026, (एएनआई): दिल्ली में ऐतिहासिक यमुना जल समझौते के बाद जयपुर पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आमजन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जयपुर एयरपोर्ट से लेकर मुख्यमंत्री निवास तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना जल समझौता राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इस समझौते से वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे शेखावाटी क्षेत्र, विशेषकर झुंझुनूं, सीकर और चूरू को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यमुना का पानी पहुंचने से क्षेत्र में सिंचाई के नए अवसर खुलेंगे और विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल का आभार जताया और उनको धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यमुना जल समझौते से राजस्थान के विकास का नया युग प्रारंभ हुआ है। राज्य सरकार जनहित से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दों पर इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। यमुना जल समझौते को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है, और इसे राजस्थान के जल संसाधनों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।