मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर को दी विकास कार्यों की सौगात
Jul 24, 2023
जोधपुर (राजस्थान): जुलाई 24, (ANI): मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में 139 करोड़ रुपए लागत के 308 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया है। इसके साथ साथ उन्होने जोधपुर विकास प्राधिकरण की लोक कला नगर आवासीय योजना की आवेदन पुस्तिका का विमोचन भी किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जोधपुर में बहुआयामी विकास कार्य हुए हैं। जोधपुर में सुगम व सुरक्षित सड़कों के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे का मजबूती से विस्तार किया जा रहा है। यह शहर देश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। देश में जोधपुर एकमात्र ऐसा जिला है, जहां सभी तरह की विश्वस्तरीय संस्थाएं एक साथ संचालित की जा रही हैं। यहां एम्स, राजीव गांधी फिनटेक डिजिटल, आयुर्वेद, विधि एवं पुलिस विश्वविद्यालय सहित सभी प्रमुख संस्थान हैं।इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की गुणवत्ता व उन्हें समय सीमा के अंदर पूरे करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने साफतौर पर कहा कि किसी भी कार्य में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।