सरकार उच्च शिक्षा को अधिक रोजगारपरक बनाने के लिए प्रतिबद्धः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Feb 17, 2026
जयपुर, राजस्थान 17 फरवरी, 2026, (एएनआई):मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित अखिल भारतीय संस्थागत नेतृत्व समागम 2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उच्च शिक्षा को अधिक रोजगारपरक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, और आधुनिक शिक्षा प्रणाली में नवाचार को बढ़ावा मिले। मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में राज्य सरकार उच्च शिक्षा में डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार युवाओं को शिक्षा के साथ साथ रोजगार के भरपूर अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि इस समागम की थीम ‘अंतर-संस्थागत विकास पर संवाद’ अत्यंत प्रासंगिक है। आईआईटी, केंद्रीय विश्वविद्यालय, राज्य विश्वविद्यालय, शोध संस्थान और निजी शिक्षण संस्थाओं के मिलकर काम करने से धरातल पर वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे युवाओं की ऊर्जा एवं क्षमताओं का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने के लिए अपनी महती भूमिका निभाएं।