मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ‘जल स्वावलंबी’ बन रहा राजस्थान

Apr 07, 2026

जयपुर, राजस्थान , 07 अप्रैल 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पुनर्जीवित कर चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के जरिए हजारों गांवों के लाखों परिवारों को राहत पहुंचाई जा रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य जल संकट से प्रभावित सभी गांवों को चरणबद्ध तरीके से कवर कर जल के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है। जयपुर में सरकार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 से जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण का समग्र मॉडल प्रस्तुत किया जा रहा है। वर्षा जल के अधिकतम संचयन के लिए एनिकट, चेक डैम, तालाब और जोहड़ का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही पुराने जल स्रोतों की मरम्मत कर पुनर्जीवित किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि कई स्थानों पर भूजल स्तर में सुधार हुआ है और गांवों में पेयजल एवम सिंचाई के लिए जल उपलब्धता बढ़ने लगी है। इसके अलावा कृषि उत्पादकता और जैव विविधता में सुधार होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसर भी बढ़ रहे हैं।