स्मार्ट पढ़ाई और पोषण से संवर रहा बच्चों का भविष्य
Oct 21, 2026
स्मार्ट क्लासरूम से लेकर पौष्टिक भोजन तक, गुजरात के मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की शुरुआती पढ़ाई, सेहत और पोषण पर एक साथ ध्यान दिया जा रहा है। राजकोट के इस मॉडल केंद्र में बच्चे खेल-खेल में भाषा, गणित और रोजमर्रा की जरूरी बातें सीखते हैं। इसके लिए शैक्षणिक खिलौनों और स्मार्ट टीवी की मदद ली जाती है। राजकोट नगर निगम अपने तीन जोन में 364 आंगनवाड़ी केंद्र चला रहा है। इन केंद्रों में खेल के जरिए पढ़ाई, साफ-सफाई और पोषण पर खास ध्यान दिया जाता है। बच्चों की लंबाई, वजन और पोषण की स्थिति का रिकॉर्ड डिजिटल तरीके से रखा जाता है। कुपोषित बच्चों के माता-पिता को खानपान से जुड़ी सलाह भी दी जाती है। इन आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को पढ़ाई और खेल के साथ पौष्टिक भोजन भी दिया जाता है। अभिभावकों के मुताबिक, यहां आने से बच्चों की सीखने और बातचीत करने की क्षमता में सुधार हो रहा है। वहीं, व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए माता-पिता को बच्चों की गतिविधियों और उनकी प्रगति की जानकारी भी मिलती रहती है। गुजरात में 10,000 से ज्यादा आंगनवाड़ी केंद्रों को स्मार्ट लर्निंग सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शुरुआती शिक्षा, डिजिटल सुविधाएं और पौष्टिक आहार एक ही जगह उपलब्ध कराना है, ताकि बचपन से ही उनके शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव तैयार हो सके।