सरकार का संकल्प, अंतिम छोर तक पहुंचे विकास का लाभः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Oct 01, 2026
बाड़मेर, राजस्थान, 01 अक्टूबर 2026 (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बाड़मेर के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जोधपुर संभाग के बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, पाली, फलोदी और सिरोही जिलों के लिए 2 हजार 824 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के एक हजार से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बाड़मेर जिले में कम वर्षा के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए किसानों, पशुपालकों और आमजन को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने गर्मी के दौरान संचालित की गई आकस्मिक पेयजल व्यवस्थाएं और टैंकरों के माध्यम से जल परिवहन की सुविधा 31 दिसंबर तक निरंतर जारी रखने, कम वर्षा वाले क्षेत्रों में आवश्यक आकस्मिक कार्यों को गति देने के लिए जिला कलेक्टर के माध्यम से एक करोड़ रुपये तक के कार्यों की स्वीकृति और चारे की कमी से प्रभावित बाड़मेर, बालोतरा और जैसलमेर सहित क्षेत्रों में चारा डिपो शुरू करने और चारा डिपो के सुचारु संचालन की घोषणा भी की।