मातृशक्ति की प्रतिबद्धता से राजस्थान बनेगा आत्मनिर्भरः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Oct 06, 2026
जयपुर, राजस्थान, 06 अक्टूबर 2026 (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर स्थित यूनिवर्सिटी कॉमर्स कॉलेज में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजस्थान महिला निधि के तहत मुख्यमंत्री लखपति दीदी ऋण योजना के अंतर्गत 3 हजार 274 लखपति दीदियों को 25 करोड़ रुपये और वित्तीय समावेशन के तहत 2 हजार 823 स्वयम सहायता समूहों को 93 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया। उन्होंने एसएचजी समूह की महिलाओं को इससे संबंधित प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए। इसी प्रकार 3 हजार 300 एसएचजी को 25 करोड़ रुपये की आजीविका संवर्धन राशि से लाभांवित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं राष्ट्र निर्माण का आधार हैं, और मातृशक्ति की प्रतिबद्धता से राजस्थान आत्मनिर्भर बनेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को मकानों की चाबी और 27 हजार से अधिक लाभार्थियों को 150 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी की। वहीं, 29 हजार 222 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना में 8ण्79 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने एनएचएम के तहत 60 एम्बुलेंस, 9 आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर और 185 ऑटो टिपर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और लखपति दीदियों को स्कूटी की चाबी भी प्रदान की।