गांवों में सुविधाओं के विकास के लिए कार्य कर रही राज्य सरकारः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Sep 28, 2026

प्रतापगढ़, राजस्थान, 28 सितंबर 2026, , (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रतापगढ़ में उदयपुर संभाग के 924 करोड़ रुपये के विकास कार्यों शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजस्थान जनजाति क्षेत्रीय विकास सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा जनजातीय क्षेत्र की लघु वन उपज के संग्रहण, मूल्य संवर्धन और विपणन को प्रोत्साहित करने के लिए वनगिरि ब्राण्ड के प्रथम शहद उत्पाद आदिपराग को लॉन्च किया। साथ ही, प्रदेश के वन धन विकास केन्द्रों द्वारा निर्मित उत्पादों के विपणन और बिक्री को बढ़ावा देने के लिए राजससंघ और कॉनफैड के मध्य एमओयू का आदान प्रदान किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में सुविधाओं के विकास के लिए कार्य कर रही है, और जनजातीय विरासत संरक्षित होगी, वन उत्पादों को प्रोत्साहन और बाजार मिलेगा। राज्य सरकार जनजातीय विरासत को संरक्षित करने के साथ ही स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में राजससंघ और कॉनफैड के माध्यम से जनजातीय भाई बहनों को उनके उत्पादों का सही मूल्य, बेहतर बाजार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध होंगे।