पशुपालकों के हित में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहींः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Jul 15, 2026
जयपुर, राजस्थान, 15 जुलाई 2026, (एएनआई):मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में पशु रोग नियंत्रण को लेकर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है, और पशुपालकों के हित में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी सजगता और सतर्कता के साथ फील्ड पर प्रभावी मॉनिटरिंग करें और पशु चिकित्सा संस्थानों में औचक निरीक्षण किए जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समय पर नहीं आने वाले डॉक्टरों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही, अस्पताल की दवाओं के निजी उपयोग तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर भी सख्त एक्शन लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1962 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के संचालन की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने 1962 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों, दवा वितरण एवम मंगला पशु बीमा योजना की जिलेवार और उपखण्डवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।