शेखावाटी में विरासत संरक्षण के साथ समग्र विकास कर रही सरकारः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Oct 26, 2026
जयपुर, राजस्थान, 26 अक्टूबर 2026 (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर में आयोजित शेखावाटी विरासत एवम विकास समिट में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शेखावाटी में विरासत संरक्षण के साथ समग्र विकास कर रही है। शेखावाटी की विरासत केवल हवेलियों तक सीमित नहीं है। सरकार का प्रयास है कि हवेलियों के मूल स्वरूप और पारंपरिक चित्रकारी को सुरक्षित रखते हुए उन्हें पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि शेखावाटी की ऐतिहासिक विरासत, हवेलियों और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 8 दिसम्बर को शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से नई पीढ़ी को व्यवसाय और उद्योगों से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राजस्थानियों की उद्यमशीलता की पहचान पूरी दुनिया में है। युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित कर उसे उद्यमिता और रोजगार सृजन के अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है। सरकार, सामाजिक संगठनों, उद्यमियों, स्थानीय नागरिकों और प्रवासी शेखावाटी वासियों के सामूहिक प्रयासों से यह क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।