विकसित राजस्थान के निर्माण में हर समाज की भागीदारी जरूरीः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Nov 02, 2026
जयपुर, राजस्थान, 02 नवम्बर 2026 (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में कायमखानी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान के निर्माण में हर समाज की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि बेटियों के शिक्षित और सशक्त होने से परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव मजबूत होती है। ऐसे में समाज के प्रबुद्धजन सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा के प्रति जागरुकता बढ़ाने और जरुरतमंद परिवारों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के अनुरूप डबल इंजन सरकार समृद्ध, सशक्त और विकसित भारत विकसित राजस्थान के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।