नशे के कारोबार में लिप्त गिरोहों के विरूद्ध हो सख्त एक्शनः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Feb 04, 2026
जयपुर, राजस्थान 04 फरवरी, 2026, (एएनआई):मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर गृह विभाग की उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हार्डकोर अपराधियों पर अंकुश लगे, और नशे के कारोबार में लिप्त गिरोहों के विरूद्ध सख्त एक्शन हो। इसके लिए पुलिस, ड्रग्स कंट्रोलर, स्वास्थ्य विभाग और अन्य एजेंसियां समन्वित प्रयास करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा अपराध की जड़ है और समाज व परिवारों पर इसके दूरगामी दुष्प्रभाव होते हैं। इसलिए नशे के दुष्परिणामों के संबंध में विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस सामाजिक क्षेत्र की संस्थाओं के साथ जुड़कर पॉक्सो एक्ट और अन्य कानूनों के संबंध में आमजन को जागरूक करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध के विरूद्ध प्राथमिकता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए। जिन क्षेत्रों में साइबर अपराध की घटनाएं घटित हो रही है, वहां इनसे जुड़े गिरोहों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जाए। ये अभियान तब तक चले, जब तक संबंधित क्षेत्र में ऐसे अपराध जड़ से समाप्त नहीं हो जाए।