शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही सरकारः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Jun 19, 2026

उदयपुर, राजस्थान, 18 जून 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उदयपुर में आयोजित शहरी सेवा शिविर में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पट्टे, प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति और सहायता राशि के चेक और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिविर में उपस्थित लाभार्थियों से संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और शिविर के संबंध में फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से सरकार अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए उनके संबंध में जानकारी भी ली। लाभार्थियों ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।