कौशल से सफलता तक: गुजरात का केंद्र दे रहा रोजगार और वैश्विक मंच पर भारत को नई पहचान
Jun 23, 2026
अहमदाबाद, गुजरात: भारत में कौशल विकास और युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में गुजरात का पिडिलाइट एडवांस स्किल सेंटर शिक्षा और रोजगार के बीच मजबूत कड़ी का काम कर रहा है। गुजरात सरकार, कौशल्या – द स्किल यूनिवर्सिटी और पिडिलाइट इंडस्ट्रीज की साझेदारी से स्थापित यह केंद्र युवाओं को आधुनिक विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित कर रहा है। इस केंद्र के चौथे सेमेस्टर के दो विद्यार्थियों ने वर्ल्डस्किल्स इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया है और अब वे शंघाई में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह केंद्र कक्षा आधारित शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान करता है। यहां छात्रों को सीएनसी मशीनिंग, वुडवर्किंग, ऑटोकैड और उद्योगों में उपयोग होने वाली अन्य आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा छात्रों को इंटर्नशिप, पेड ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे रोजगार के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। स्किल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाते हुए यह पहल दिखाती है कि लक्ष्य आधारित कौशल प्रशिक्षण न केवल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा कर सकता है, बल्कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को भी तैयार कर सकता है जो वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़ाएं।