औद्योगिक विकास के क्षेत्र में राजस्थान में लिखी जा रही नई कहानीः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
Mar 19, 2026
जयपुर, राजस्थान 19 मार्च, 2026, (एएनआई): राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में, जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में उद्यमी संवाद समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामई उपस्थिति रही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजस्थान इंडस्ट्रियल पार्क प्रमोशन पॉलिसी, राजस्थान एयरोस्पेस एंड डिफेंस और राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी का अनावरण किया। उन्होंने रीको आद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े 119 करोड़ रुपये लागत के 40 कार्यों का लोकार्पण और 226 करोड़ रुपये के 46 कार्यों का शिलान्यास भी किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने एकीकृत क्लस्टर विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार और विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थियों को ऋण के चेक प्रदान किए। इसके अलावा एमएसएमई नीति, निर्यात प्रोत्साहन नीति, आरएफसी की युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी दिए गए। इस अवसर पर रीको के ऋण के स्वीकृति पत्र, जोधपुर-पाली-मारवाड़ और बूढ़ी बावल औद्योगिक क्षेत्रों के आरक्षण पत्र सहित लीज डीड और अलॉटमेंट लेटर भी प्रदान किए गए। वहीं, सीएसआर के तहत एसएमएस हॉस्पिटल और ‘अपना घर’ को सांकेतिक चेक भी सौंपे गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास के क्षेत्र में राजस्थान में नई कहानी लिखी जा रही है, और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से निवेश को गति मिली है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।