गुजरात की खादी को बढ़ावा, ग्राहकों को छूट और कारीगरों को रोजगार का सहारा

Nov 27, 2026

महात्मा गांधी के चरखे से लेकर आधुनिक फैशन तक, खादी आज भी भारत की आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनी हुई है। इस स्वदेशी उद्योग को नई रफ्तार देने के लिए गुजरात सरकार 2 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक खादी और पॉलीवस्त्र की खरीद पर 30 प्रतिशत विशेष बाजार प्रोत्साहन दे रही है। इसके तहत बिक्री केंद्रों पर ग्राहकों को सीधे छूट मिल रही है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन' के विजन को आगे बढ़ाती है। वहीं, 220 से अधिक स्वीकृत संस्थाओं से जुड़े 16 हजार से ज्यादा कताई और बुनाई करने वाले कारीगरों को रोजगार और मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस यानी एमडीए के जरिए वित्तीय सहायता मिल रही है, जिससे उनकी आजीविका को सहारा मिल रहा है। गुजरात में यह सहायता महिला कारीगरों के लिए नियमित रोजगार का जरिया बन रही है। इनमें कई महिलाएं दशकों से इस हुनर से जुड़ी हैं। सूत कातने से लेकर ऊनी कपड़े बुनने तक, लगातार मिल रहे काम के ऑर्डर और वित्तीय सहायता पारंपरिक कौशल को बचाने के साथ ग्रामीण परिवारों की आजीविका को भी सहारा दे रहे हैं। पारंपरिक ऊनी शॉल और जैकेट से लेकर आधुनिक रेडीमेड कपड़ों तक, खादी बदलते फैशन के साथ खुद को ढाल रही है और युवाओं को भी आकर्षित कर रही है। सरकारी प्रोत्साहन से मांग बढ़ रही है, वहीं कारीगर अपनी पारंपरिक कला को आगे बढ़ा रहे हैं। खादी को मिल रहा यह नया प्रोत्साहन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को भी आगे बढ़ा रहा है।