एलपीजी की जमाखोरी व कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाईः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Mar 12, 2026

जयपुर, राजस्थान 12 मार्च, 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर राज्यवासियों को निर्बाध एलपीजी आपूर्ति के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, और एलपीजी की जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर निर्देश दिए कि आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए उपलब्धता से लेकर वितरण व्यवस्था की निगरानी रखते हुए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं। उन्होंने नागरिक आपूर्ति को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के कार्मिकों के अवकाश निरस्त किए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके लिए एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी या कालाबाजारी पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलाकलेक्टर और संबंधित अधिकारी निरीक्षण कर निरंतर मॉनिटरिंग करें।