पोरबंदर के सरकारी अस्पताल में WhatsApp पर मिलेंगी 135 तरह की जांच रिपोर्ट

Nov 16, 2026

अस्पतालों में लंबी कतारें और जांच रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार चक्कर लगाना... मरीजों के लिए अक्सर परेशानी का कारण बनता है। लेकिन गुजरात के पोरबंदर में अब यह परेशानी कम हो रही है। GMERS संचालित भावसिंहजी सरकारी जनरल अस्पताल ने डिजिटल सुविधा शुरू की है। इसके तहत करीब 135 तरह की लैब जांच की रिपोर्ट मरीजों को सीधे WhatsApp पर PDF फॉर्मेट में भेजी जा रही हैं। इस सुविधा का सबसे ज्यादा फायदा दूर-दराज के इलाकों से आने वाले मरीजों को मिल रहा है। पहले जांच रिपोर्ट लेने के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल आना पड़ता था। इससे उनका समय और आने-जाने का खर्च बढ़ता था। अब WhatsApp पर ही रिपोर्ट मिलने से मरीजों और उनके परिवारों को इस परेशानी से राहत मिल रही है। इस सुविधा का इस्तेमाल करना भी बेहद आसान है। मरीजों को OPD रजिस्ट्रेशन या सैंपल देते समय अपना चालू WhatsApp नंबर देना होता है। इसके बाद जांच रिपोर्ट PDF फॉर्मेट में सीधे उनके मोबाइल पर पहुंच जाती है। मरीज इसे कभी भी देख सकते हैं, सेव कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर दूसरे डॉक्टर के साथ शेयर भी कर सकते हैं। पोरबंदर के इस सरकारी अस्पताल की डिजिटल पहल से स्वास्थ्य सेवाएं मरीजों के लिए और आसान हो रही हैं। अस्पताल के मुताबिक, इस सुविधा से रोजाना करीब 1,000 से 1,500 मरीजों को फायदा मिलने की उम्मीद है। तकनीक के जरिए सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आसान और आम लोगों की पहुंच में लाने की यह एक अच्छी पहल है।