पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छ और आकर्षक शहरी वातावरण हो विकसितः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Jun 15, 2026

जयपुर, राजस्थान, 15 जून 2026, (एएनआई): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर, जयपुर के विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर, विभागीय अधिकारियों की बैठक बुलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर में सुव्यवस्थित विकास हो, और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छ और आकर्षक शहरी वातावरण विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कचरा संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण के लिए बेहतर कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को अनुशासित बनाने के लिए खुले में कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। इसलिए जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए जनजागरूकता अभियान चलाएं जाएं जिससे सामाजिक संगठनों और भामाशाहों को भी जोड़ा जाए। उन्होंने आधुनिक तकनीक पर बल देते हुए कहा कि मशीनीकृत सफाई व्यवस्था को बढ़ावा देने और मैनुअल व्यवस्था पर निर्भरता कम करने के भी निर्देश दिए।